मोतीलाल ओसवाल होम फाइनेंस ने कहा है कि वह नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (एन.सी.डी.) के ज़रिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ए.डी.बी.) से $१०० मिलियन उधार लेगा।
ए.डी.बी. से मिलने वाली इस रकम का इस्तेमाल महिला उधारकर्ताओं को किफायती हाउसिंग लोन देने के लिए किया जाएगा। इस रकम का लगभग १० प्रतिशत हिस्सा ऐसे घरों के निर्माण के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा जो ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन स्टैंडर्ड्स को पूरा करते हों।
मोतीलाल ओसवाल होम फाइनेंस के एम.डी. और सी.ई.ओ., सुकेश भौवाल ने कहा, “ए.डी.बी. के साथ साझेदारी से हम भारत भर के उन कस्बों और शहरों में किफायती हाउसिंग फाइनेंस की पहुंच बढ़ा पाएंगे जहां अभी तक इसकी सुविधा कम है या जो तेज़ी से विकसित हो रहे हैं। इससे कम और मध्यम आय वाले परिवारों को अपना घर खरीदने का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी। अहम बात यह है कि यह फंडिंग ग्रीन कंस्ट्रक्शन फाइनेंस पहल को भी सपोर्ट करती है। हमारा मानना है कि भविष्य के लिए मज़बूत समुदाय बनाने में ग्रीन हाउसिंग अहम भूमिका निभाएगी।”
मोतीलाल ओसवाल होम फाइनेंस के सी.एफ.ओ., भाविन शाह ने कहा, “ए.डी.बी. से मिलने वाली फंडिंग हमारे फंडिंग बेस की मज़बूती और विविधता को काफी बढ़ाती है। प्रतिस्पर्धी शर्तों पर लंबी अवधि के लिए पूंजी मिलने से हमारी फंड की कुल लागत में सुधार होता है और एसेट-लायबिलिटी मैचिंग बेहतर होती है, जो हाउसिंग फाइनेंस बिज़नेस में बहुत ज़रूरी है।”
एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्राइवेट सेक्टर ऑपरेशन्स डिपार्टमेंट की डायरेक्टर जनरल, इसाबेल चैटरटन ने कहा, “ए.डी.बी. की लंबी अवधि की फंडिंग से एम.ओ.एच.एफ. को महिलाओं के लिए किफायती हाउसिंग लोन की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी—जो अभी घर के मालिकों में सिर्फ़ १३ प्रतिशत हैं—और इससे कंपनी को ग्रीन-सर्टिफाइड हाउसिंग सेगमेंट में कदम रखने में भी मदद मिलेगी।”